फिल्मकार महेश कलावाडिया एयर इंडिया हादसे के बाद से लापता हैं। उनकी आखिरी लोकेशन दुर्घटनास्थल के पास होने से चिंता बढ़ी है। क्या वे हादसे का शिकार हुए, जानने के लिए डीएनए सैंपल जमा कराए गए हैं।

फिल्म मेकर महेश कलावाडिया उर्फ महेश जीरावाला कई दिनों से लापता हैं। दरअसल 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुआ था। इस घटना में 290 लोगों की मौत हुई, जिसमें 271 यात्री और 29 अन्य लोग शामिल हैं। ऐसे में आशंका है कि महेश भी उनमें से एक है। महेश की पत्नी का कहना है कि उनकी आखिरी लोकेशन दुर्घटना स्थल से 700 मीटर दूर की दिखाई दे रही है। इस वजह से सभी कयास लगा रहे हैं कि कहीं वो इस हादसे का शिकार तो नहीं हो गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

महेश की पत्नी ने कहा, 'दोपहर 1:14 पर मेरे पति ने मुझे फोन कर बताया था कि उनकी मीटिंग खत्म हो गई है और वो घर के लिए निकल रहे हैं। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे नहीं लौटे, तो मैंने उन्हें कॉल किया, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ बता रहा था। इसके बाद मैंने पुलिस को सूचना दी, तो उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन से पता चला कि वो एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश के दुर्घटनास्थल से लगभग 700 मीटर की दूरी पर थे। दोपहर 1.40 बजे (विमान दुर्घटना के एक मिनट बाद) से उनका फोन बंद हो गया। वहीं उनका स्कूटर और मोबाइल फोन गायब है। यह सब अजीब है क्योंकि वो घर आने के लिए कभी उस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करते थे। हालांकि, हमने यह पता करने के लिए डीएनए सैंपल जमा करा दिए हैं, कि क्या वह दुर्घटना में जमीन पर मारे गए लोगों में से एक हैं या नहीं।'

कौन हैं महेश जीरावाला?

आपको बता दें महेश जीरावाला नरोदा के रहने वाले हैं। महेश के परिवार में उनकी पत्नी हेतल और दो बच्चे- एक बेटी और एक बेटा हैं। उन्हें एड वीडियोज बनाने के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो बनाने के लिए भी जाना जाता है। वो प्रोडक्शन हाउस महेश जीरावाला प्रोडक्शंस के सीईओ हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने साल 2019 में आई फिल्म कॉकटेल प्रेमी पग ऑफ रिवेंज का भी निर्देशन किया था, जिसमें आशा पांचाल और वृति ठक्कर लीड रोल में थीं।