भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों के लिए सावन मास एक खास सौगात लेकर आ रहा है। 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’, जिसमें रोमांस, एक्शन और महादेव की भक्ति का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। इस फिल्म में पहली बार अक्षरा सिंह और विक्रांत सिंह की दमदार जोड़ी एक साथ नजर आएगी। फिल्म की प्रस्तुति बिभूति एंटरटेनमेंट ने की है, जबकि इसके निर्माता सीबी सिंह हैं। फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’ का निर्देशन निशांत एस. शेखर ने किया है। 

'रुद्र-शक्ति’ की कहानी कैसी होगी?

ट्रेलर के अनुसार, फिल्म की कहानी एक ऐसे शिवभक्त रुद्र (विक्रांत सिंह) की है जिसे शक्ति (अक्षरा सिंह) से प्रेम है। फिल्म में दिखाया गया है कि कुछ समाज विरोधी तत्व शक्ति को परेशान करते हैं, लेकिन रुद्र उन्हें शिवशक्ति के रूप में सबक सिखाता है। कहानी प्रेम, बलिदान, संघर्ष और आस्था की अनोखी प्रस्तुति है। फिल्म में मनमोहन तिवारी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। यह फिल्म एक ओर जहां दर्शकों को बनारस की खूबसूरती से रूबरू कराएगी, वहीं दूसरी ओर महादेव की भक्ति से सराबोर कर देगी। फिल्म की शूटिंग बनारस की गलियों, घाटों और मंदिरों में हुई है, जिससे फिल्म में एक गहरी धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभूति मिलेगी। फिल्म के ट्रेलर ने पहले ही यूट्यूब और सोशल मीडिया पर धमाल मचा रखा है और दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अक्षरा सिंह ने शक्ति के रोल को लेकर क्या कहा?

अक्षरा सिंह ने फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’ को लेकर कहा, ''शक्ति का किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है, क्योंकि इसमें एक ऐसी महिला की कहानी है जो प्रेम, आस्था और आत्मसम्मान के लिए लड़ती है। इस फिल्म में मुझे अभिनय के साथ-साथ शिव भक्ति को भी जीने का मौका मिला। मैं चाहती हूं कि हर दर्शक इसे अपने परिवार के साथ जाकर देखें, क्योंकि इसमें केवल मनोरंजन ही नहीं, एक सशक्त सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश भी है।" अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए इस तरह की फिल्मों को जरूरी बताया और दर्शकों से अपील की कि वे इस पावन माह में इस फिल्म को ज़रूर देखें और आशीर्वाद दें।

रूद्र के किरदार को लेकर क्या बोले विक्रांत सिंह

विक्रांत सिंह ने फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’ के बारे में बात करते हुए कहा कि ‘'रुद्र का किरदार एक शिवभक्त के रूप में जो प्रेम, न्याय और धर्म के लिए लड़ता है – ऐसे पात्र को निभाना गर्व की बात है। फिल्म ‘रुद्र-शक्ति’ केवल एक प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक सन्देश, एक्शन, रोमांस और महादेव की भक्ति का संगम है, जो आज के युवाओं को प्रेरणा दे सकती है। सावन के इस पावन माह में शिवभक्ति के साथ एक प्रेरणादायक प्रेम कहानी लेकर आ रहे हैं। सभी से अपील है कि18 जुलाई को सभी दर्शक सिनेमाघरों में जाकर ‘रुद्र-शक्ति’ जरूर देखें और भोजपुरी सिनेमा को अपना प्यार और समर्थन दें।"

‘रूद्र शक्ति’ के क्रू मेंबर्स

फिल्म का डीओपी प्रशांत चंद्रशेखर हैं, जबकि कहानी और संवाद मनमोहन तिवारी ने लिखे हैं। फिल्म की अवधारणा संगीता सिंह की है। संगीत ओम झा का है, जिसमें कर्णप्रिय भक्ति और रोमांटिक गानों का समावेश है। कोरियोग्राफी कानू मुखर्जी और निशांत शेखर ने की है। फिल्म के एक्शन दृश्यों को दिनेश यादव ने डिजाइन किया है और पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।