गुजरात विधासभा चुनाव के पहले चरण में 89 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 60.47% वोटिंग हुई। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई।
- Home
- National News
- गुजरात चुनाव 2022: पहले फेज के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न, 60.47% हुई वोटिंग
गुजरात चुनाव 2022: पहले फेज के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न, 60.47% हुई वोटिंग
)
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election 2022) के पहले फेज के 89 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। ये 89 सीटें सौराष्ट्र-कच्छ के 19 जिलों और राज्य के दक्षिणी हिस्सों में फैली हुई हैं। 788 उम्मीदवार मैदान में हैं। 14,382 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे के बीच मतदान हुआ। मतदान के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पढ़ें मतदान से जुड़े लाइव अपडेट्स...
- FB
- TW
- Linkdin
60.47% हुई वोटिंग
5 बजे मतदान संपन्न
पांच बजते ही पहले फेज के 89 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। जिन पोलिंग बूथ पर पांच बजे से पहले तक मतदाताओं की कतार थी वहां 5 बजे के बाद तक मतदान कराया गया।
3 बजे तक हुआ 48.48% मतदान
3 बजे तक 48.48% मतदान हुआ है। तापी (63.98%) में सबसे अधिक और जामनगर (42.44%) में सबसे कम मतदान हुआ है। अमरेली में 44.45%, भरूच में 52.87%, भावनगर में 45.96%, बोटाद में 43.47%, डांग में 58.55%, द्वारका में 46.54%, गिर सोमनाथ में 50.82%, जामनगर में 42.44%, जूनागढ़ में 46.17%, कच्छ में 45.81%, मोरबी में 53.86%, नर्मदा में 63.95%, नवसारी में 54.79%, राजकोट में 46.70%, सूरत में 47.24%, सुरेंद्रनगर में 48.61% और वलसाड में 53.61% वोटिंग हुई है।
1 बजे तक हुआ 34.48% मतदान
दोपहर एक बजे तक 34.48% मतदान हुआ है। तापी (46.35%) में सबसे अधिक और पोरबंदर (30.20%) में सबसे कम मतदान हुआ है। अमरेली में 32.1%, भरूच में 35.98%, भावनगर में 32.74%, बोटाद में 30.26%, डांग में 46.22%, द्वारका में 33.89%, गिर सोमनाथ में 35.99%, जामनगर में 30.34%, जूनागढ़ में 32.96%, कच्छ में 33.44%, मोरबी में 38.61%, नर्मदा में 46.13%, नवसारी में 39.20%, राजकोट में 32.88%, सूरत में 33.10%, सुरेंद्रनगर में 34.18% और वलसाड में 38.08% वोटिंग हुई है।
मोदी को अपशब्द कहने के लिए कांग्रेस में लगी है होड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचमहल में एक चुनावी सभा में कहा, "मैं खड़गे जी का सम्मान करता हूं। वह वही कहेंगे जो उन्हें कहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस पार्टी को नहीं पता कि यह राम भक्तों का गुजरात है। रामभक्तों की इस भूमि पर उन्हें मोदी 100 माथा वाला रावण है कहने के लिए कहा गया।"
मोदी ने कहा, "अगर वे लोकतंत्र में विश्वास करते तो इस स्तर तक कभी नहीं जाते। वे एक परिवार में विश्वास करते हैं, न कि लोकतंत्र में। वे उस एक परिवार को खुश करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वह परिवार उनके लिए सब कुछ है, लोकतंत्र नहीं। कांग्रेस में इस बात की होड़ है कि कौन मोदी के लिए ज्यादा अपशब्द कहे...। हमें उन्हें सबक सिखाना है और तरीका है "कमल" को वोट देना।
11 बजे तक तापी में सबसे अधिक और द्वारका में सबसे कम हुआ मतदान
चुनाव आयोग के अनुसार 11 बजे तक तापी में सबसे अधिक 26.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि देवभूमि द्वारका में सबसे कम 15.86 प्रतिशत मतदान हुआ। अमरेली में 19%, भरूच में 17.57%, भावनगर में 18.84%, बोटाद में 18.50%, डांग में 24.99%, गिर सोमनाथ में 20.75%, जामनगर में 17.85%, जूनागढ़ में 18.85%, कच्छ में 17.62% और मोरबी में 22.27% मतदान हुआ। इसी तरह नर्मदा में 23.73%, नवसारी में 21.79%, पोरबंदर में 16.49%, राजकोट में 18.98%, सूरत में 17.92% सुरेंद्रनगर में 20.67% और वलसाड में 19.57% वोटिंग हुई।
अमित शाह बोले-PM के खिलाफ अपशब्दों का जवाब देगी जनता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने जब-जब पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है तब-तब गुजरात की जनता ने बैलेट बॉक्स के जरिए इसका जवाब दिया है। इस बार भी राज्य की जनता जवाब देगी। एंटी रेडिकल सेल एक प्रोएक्टिव कदम है। अगर हम कट्टरता को नियंत्रित करते हैं तो आतंकवाद और दंगे नियंत्रित होंगे।
11 बजे तक हुआ 19.13% मतदान
11 बजे तक 19.13 फीसदी मतदान हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी नेता मनसुख मंडाविया ने भावनगर के हनोल में वोट डाला। केंद्रीय मंत्री दर्शना जरदोश ने सूरत में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि लोग राज्य में डबल इंजन वाली सरकार के लिए मतदान कर रहे हैं। हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे।
केंद्रीय मंत्री मंडाविया बोले-बीजेपी तोड़ेगी अपना रिकॉर्ड
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने भावनगर जिले के हनोल गांव में वोट डालने से पहले ग्रामीणों से बातचीत की। मंडाविया ने कहा, "मेरे गांव के लोगों का हमेशा विकास की राजनीति में विश्वास रहा है। मैं देख रहा हूं कि गुजरात की जनता का भरोसा बीजेपी पर बढ़ा है। इस बार हम अपना रिकॉर्ड तोड़ेंगे और एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे।"
रवींद्र जडेजा ने किया मतदान
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा ने जामनगर स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वह पत्नी रिवाबा जडेजा के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि वह पत्नी के साथ खड़े हैं। रवींद्र जडेजा ने कहा, "मैं लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। लोगों को उम्मीद है कि रिवाबा अच्छा काम करेगी।"
मुमताज पटेल ने डाला वोट
दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भरूच के अंकलेश्वर में मतदान किया। मुमताज ने कहा कि हम बदलाव की बात कर रहे हैं। एंटी-इनकंबेंसी कम करने के लिए मुख्यमंत्रियों को बदला गया। यहां (अंकलेश्वर) कांटे की टक्कर है।
रवींद्र जडेजा के पिता बोले-कांग्रेस के साथ हूं
क्रिकेटर रवींद्र जडेजा के पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा ने कहा, "मैं कांग्रेस के साथ हूं। पार्टी का मामला पारिवारिक मामले से अलग है। हमें अपनी पार्टी के साथ रहना चाहिए, सालों तक उनके साथ रहा। वह (रवींद्र जडेजा) जानता है कि यह एक पार्टी का मामला है, कोई पारिवारिक समस्या नहीं है।"
रवींद्र जडेजा की बहन नैना जडेजा ने कहा, "ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। जामनगर में कई परिवारों के सदस्य विभिन्न पार्टियों के लिए काम करते हैं। मेरे भाई के लिए मेरा प्यार पहले जैसा ही है। मेरी भाभी अभी बीजेपी की उम्मीदवार हैं। एक भाभी के रूप में वह अच्छी हैं।"
सुबह 9 बजे तक 4.92% मतदान
सुबह 9 बजे तक 4.92% मतदान हुआ है। 100 साल की कमुबेन लालाभाई पटेल ने उमरगाम में अपना वोट डाला है।
सीआर पाटिल ने डाला वोट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू हर बार, हर जगह चलताहै। वह लोगों के दिलों में बसते हैं। कांग्रेस नेताओं द्वारा पीएम के खिलाफ औकात दिखाने वाले बयान पर पाटिल ने कहा, "जिन्होंने ऐसा कहा है, उन्हें उनकी औकात का पता चल जाएगा।"
वित्त मंत्री बोले- प्रगति कर रहा गुजरात
गुजरात के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने वलसाड में कहा कि गुजरात प्रगति कर रहा है और राज्य के लोगों ने भाजपा को वोट देने का फैसला किया है। लोगों को भाजपा पर भरोसा है और राज्य में आगे विकास होगा।
आसमान छू रही हैं ईंधन की कीमतें
अमरेली से कांग्रेस विधायक परेश धनानी ने वोट डालने के बाद कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी से गुजरात में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। शिक्षा का निजीकरण हो गया है। सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस आएगी।
साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर वोट डालने निकले कांग्रेस विधायक
अमरेली में कांग्रेस विधायक परेश धनानी साइकिल पर गैस सिलेंडर बांधकर वोट डालने निकले। उनके साथ परिवार के लोग भी साइकिल से मतदान करने गए। कांग्रेस विधायक ने मतदान के दिन अनोखे तरीके से महंगाई के मुद्दे पर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल ने किया मतदान
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपनी पत्नी के साथ नवसारी के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। गुजरात सरकार में मंत्री पूर्णेश मोदी ने सूरत के मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान केंद्र पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
रिवाबा जडेजा ने डाला वोट
क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा ने राजकोट सिटी के आईपी मिशन स्कूल में बने पोलिंग बूथ में मतदान किया। वोट डालने के बाद रिवाबा ने कहा कि लोगों से मेरी अपील है कि ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। लोग लोकतंत्र के इस पर्व को सेलिब्रेट करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करना है। रविंद्र जडेजा के पिता द्वारा यह कहे जाने पर कि कांग्रेस को वोट देना चाहिए। रिवाबा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब एक परिवार के सदस्य अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टी से जुड़े हों। मेरे पति मेरे साथ हैं।
परिवार के सदस्य (रविंद्र जडेजा की बहन) के कांग्रेस में होने से कितनी मुश्किल हो रही है? इस सवाल पर रिवाबा ने कहा कि कोई परेशानी नहीं है। एक ही परिवार में अलग-अलग विचारधारा के लोग हो सकते हैं। मुझे जामनगर की जनता पर भरोसा है। हम ओवरऑल डेवलपमेंट पर फोकस करेंगे। इस बार भी बीजेपी अच्छे अंतर से जीतेगी।
89 सीटों पर मतदान शुरू
आठ बजते ही गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले फेज के 89 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। लोग मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचने लगे हैं।