Mumbai Flat Rent Viral Video: मुंबई के परेल इलाके में 700 स्क्वायर फीट के 2BHK फ्लैट का किराया 1 लाख रुपये सुनकर लोग हैरान रह गए। वायरल वीडियो में दो टेक प्रोफेशनल्स ने अपने घर का टूर दिखाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर मुंबई के महंगे किराए को लेकर बहस छिड़ गई। नीचे देखें वीडियो।
Mumbai 2bhk Flat 1 Lakh Rent Viral Video: मुंबई में घर लेना हमेशा से महंगा माना जाता है, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने फिर से इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। वीडियो में दो युवा प्रोफेशनल्स ने अपने किराए के फ्लैट का टूर कराया और बताया कि वे हर महीने इस घर के लिए कितना किराया देते हैं। किराया सुनते ही इंटरनेट यूजर्स की आंखें खुली की खुली रह गईं। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया था और अब तक इसे लाखों लोग देख चुके हैं। खास बात यह है कि वीडियो सिर्फ घर दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे मुंबई में रहने की असली लागत पर भी बहस शुरू हो गई है।
700 स्क्वायर फीट का फ्लैट, लेकिन किराया 1 लाख
वीडियो की शुरुआत में रिकॉर्डिंग कर रहा युवक एक सवाल पूछता है जो लगभग हर कोई मुंबई के बारे में सोचता है- “मुंबई में आप कितना किराया देते हैं?” इस पर फ्लैट में रहने वाली युवती जवाब देती है कि वे हर महीने करीब 1 लाख रुपये किराया देती हैं। उसने बताया कि यह करीब 700 स्क्वायर फीट का 2BHK फ्लैट है। इतना ही नहीं, इस किराए में बिल्डिंग की मेंटेनेंस कॉस्ट भी शामिल है।
घर का टूर: मास्टर बेडरूम से लेकर व्यू तक
वीडियो में सबसे पहले फ्लैट का लिविंग एरिया दिखाया जाता है। इसके बाद युवती दोनों बेडरूम के बारे में बताती है। वह बड़े कमरे की तरफ इशारा करते हुए कहती है कि यह मास्टर बेडरूम है, इसलिए यह दूसरे कमरे से थोड़ा बड़ा है। टूर के दौरान वह फ्लैट की एक खास बात भी बताती है-यहां से दिखाई देने वाला व्यू। खिड़की से एयरपोर्ट के पास उड़ान भरते और उतरते हुए प्लेन साफ दिखाई देते हैं, जो कई लोगों को काफी दिलचस्प लगा। नीचे देखें वायरल वीडियो-
लोअर परेल की लोकेशन भी वजह
यह फ्लैट परेल इलाके में स्थित है, जो मुंबई के प्रमुख बिजनेस और रेजिडेंशियल हब में से एक माना जाता है। यहां बड़ी-बड़ी इमारतें, कॉरपोरेट ऑफिस और कई कमर्शियल सेंटर मौजूद हैं। इसी वजह से इस इलाके में किराया आमतौर पर शहर के कई अन्य इलाकों से ज्यादा होता है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो फरवरी में पोस्ट किया गया था और अब तक इसे 1 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इसके साथ ही कमेंट सेक्शन में लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, “23 साल की उम्र में 1 लाख रुपये किराया देना!” दूसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “नासिक में इतने EMI में दो घर खरीद लो।” कुछ लोगों ने मुंबई के दूसरे इलाकों से तुलना भी की। एक यूजर ने लिखा, “मैं बोरीवली में ही 1 लाख किराया दे रहा हूं, अब तो ब्रोकर बदलना पड़ेगा।”
किसी के लिए महंगा, किसी के लिए ‘वर्थ इट’
हालांकि सभी लोग इस किराए को ज्यादा नहीं मानते। कुछ यूजर्स का कहना था कि लोकेशन और व्यू को देखते हुए यह किराया ठीक है। एक यूजर ने लिखा, “इस व्यू और लोकेशन के हिसाब से किराया ठीक ही है।” वहीं कुछ लोगों ने मुंबई के रियल एस्टेट बाजार पर भी तंज कसा। एक कमेंट में लिखा गया, “स्टॉक मार्केट वाले शहर में इतना किराया होना सबसे बड़ा स्कैम है।”
वीडियो ने याद दिलाई ‘ड्रीम सिटी’ की असल कीमत
मुंबई को अक्सर सपनों का शहर कहा जाता है, लेकिन यहां रहने की कीमत भी उतनी ही बड़ी है। इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि बड़े शहरों में करियर के मौके जितने बड़े होते हैं, उतना ही बड़ा यहां रहने का खर्च भी होता है।


