NDA Passing Out Parade 2025 Video: NDA से पहली बार 17 महिला कैडेट्स ग्रेजुएट हुईं। 30 मई का NDA पासिंग आउट परेड देश के लिए गर्व का क्षण बन गया। परेड की सलामी जनरल वी.के. सिंह ने ली। जानिए NDA से ग्रेजुएट पहली महिला बैच को। देखें शानदार वीडियो।
NDA Passing Out Parade 2025 Video:: 30 मई 2025 को नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया। पहली बार महिला कैडेट्स का बैच पास हुआ है। कुल 17 महिला कैडेट्स ने 300 से ज्यादा पुरुष कैडेट्स के साथ ट्रेनिंग पूरी कर NDA से ग्रेजुएट किया। ये कैडेट्स अब इंडियन आर्मी, नेवी और एयर फोर्स की चुनिंदा ब्रांचेस में कमीशंड अफसर के तौर पर सेवाएं देंगी। इस मौके पर NDA की 148वीं पासिंग आउट परेड पुणे के खड़कवासला कैंपस में आयोजित हुई। खास बात ये रही कि इस ऐतिहासिक परेड में सेना के पूर्व प्रमुख और वर्तमान केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह ने खुद सलामी दी और कैडेट्स को प्रेसिडेंट्स अवॉर्ड भी दिए। नीचे देंखे पासिंग आउट परेड की झलकियां-
सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी से मिली NDA में एंट्री, अब बन अफसर बन रही महिलाएं
साल 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने NDA में महिलाओं की भर्ती की मंजूरी दी थी। इसके बाद 2022 में पहली बार 17 महिला कैडेट्स का बैच NDA में शामिल हुआ। तीन साल की कठिन ट्रेनिंग के बाद अब ये कैडेट्स भारतीय सशस्त्र बलों का हिस्सा बनने जा रही हैं। देखें NDA से ग्रेजुएट पहली वुमन बैच को Video-
रिटायर हवलदार की बेटी हरसिमरन कौर इंडियन नेवल एकेडमी अफसर
NDA से ग्रेजुएट पहली महिला बैच में हरियाणा की हरसिमरन और श्रीती भी हैं। हरियाणा की हरसिमरन कौर अब इंडियन नेवल एकेडमी जाएंगी। उनके पिता हवलदार के पद से रिटायर हुए हैं और दादा भी आर्मी में थे। उनका सपना था कि जल्दी ही देश की सेवा में उतरें, जो अब पूरा हो गया। वहीं, श्रीती दक्ष के पिता विंग कमांडर रह चुके हैं। श्रीती कहती हैं कि NDA में ट्रेनिंग का अनुभव उनके सोच से कहीं ज्यादा शानदार और चुनौतीपूर्ण रहा। अब वो उसी पल को जी रही हैं, जो उनके पिता ने एक दौर में जिया था।
NDA Passing Out Parade 2025: जनरल वी.के. सिंह बोले- "ये अंत नहीं, नई शुरुआत है"
पासिंग आउट परेड में जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि ये सिर्फ एक परेड नहीं, बल्कि भारतीय सेना के इतिहास का गर्व भरा दिन है। उन्होंने दिनकर की कविता याद दिलाते हुए कहा, "मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है।" उन्होंने लड़कियों के जज्बे और दृढ़ संकल्प को नमन किया और कहा कि यह उनके लिए एक नई शुरुआत है। देखें वीडियो-
NDA 148वीं पासिंग आउट परेड में 317 कैडेट्स हुए पास, 121 महिला कैडेट्स अब भी ट्रेनिंग में
148वीं पासिंग आउट परेड में कुल 317 कैडेट्स ने भाग लिया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मार्च 2025 में संसद में जानकारी दी थी कि अब तक NDA में कुल 126 महिला कैडेट्स एडमिशन ले चुकी हैं, जिनमें से 121 अब भी ट्रेनिंग पर हैं। पांच कैडेट्स ने व्यक्तिगत कारणों से ट्रेनिंग बीच में छोड़ी।
किन राज्यों की लड़कियां बनीं NDA ट्रेनिंग का हिस्सा?
सबसे ज्यादा महिला कैडेट्स हरियाणा (35) से हैं, इसके बाद उत्तर प्रदेश (28), राजस्थान (13) और महाराष्ट्र (11) से। दक्षिण भारत से कर्नाटक और केरल की कैडेट्स भी NDA में शामिल हुई हैं।
अब भी सेना में महिलाओं की संख्या काफी कम
संसद में पेश आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय सेना में 12 लाख पुरुष सैनिक हैं, जबकि महिला सैनिकों की संख्या सिर्फ करीब 7 हजार है। एयर फोर्स में करीब 1.5 लाख पुरुष और सिर्फ 1600 महिलाएं हैं। नेवी में महिलाओं का प्रतिशत सबसे ज्यादा है करीब 6.5%। तीनों सेनाओं में कुल 9,118 महिला अफसर कार्यरत हैं। हालांकि अब महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं।
भारतीय सेना में महिला भर्ती की शुरुआत 1992 से
भारतीय सेना में महिला अफसरों की भर्ती वर्ष 1992-93 में अंजना भदौरिया और प्रिया झिंगन को कमीशन देने के साथ शुरू हुई थी। तब महिलाएं केवल शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत ही भर्ती होती थीं। अब उन्हें स्थायी कमीशन, कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस और कई तकनीकी ब्रांच में भी शामिल किया जा रहा है।
NDA से महिला कैडेट्स का पास होना केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। यह भारत की बेटियों की नई उड़ान और सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है।