AI पर 10 लाख करोड़ का दांव: 7 साल में भारत को कितना बदल देंगे मुकेश अंबानी?
Mukesh Ambani AI Mega Plan: दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में मुकेश अंबानी के ऐलान ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। उन्होंने कहा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और Jio अगले 7 साल में AI पर 10 लाख करोड़ रुपए निवेश करेंगे। जानिए इससे होने वाले फायदे..

मुकेश अंबानी का AI पर बड़ा दांव
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि जैसे जियो ने इंटरनेट सस्ता किया, वैसे ही अब AI को सस्ता और सबके लिए आसान बनाया जाएगा। उनका लक्ष्य AI को आम लोगों और छोटे बिजनेस तक पहुंचाना, टेक्नोलॉजी की लागत कम करना और भारत को AI पावरहाउस बनाना है।
AI से नौकरी नहीं जाएगी- मुकेश अंबानी
AI को लेकर इस समय दुनिया में सबसे बड़ा डर नौकरी खत्म होने का है, लेकिन अंबानी का कहना है कि AI नौकरियां खत्म नहीं करेगा, बल्कि नए और ज्यादा स्किल वाले काम पैदा करेगा। उनके मुताबिक, 'AI का सबसे अच्छा दौर अभी आना बाकी है।' वे इसे 'सुपर अबंडेंस' यानी ज्यादा अवसरों का दौर मानते हैं।
जामनगर बनेगा AI हब
रिलायंस जामनगर में दुनिया का सबसे बड़ा डेटा सेंटर बनाने की तैयारी कर रहा है। यहां हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के लिए Nvidia के एडवांस AI चिप्स का इस्तेमाल किया जाएगा। ये चिप्स मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स और बड़े AI मॉडल्स को पावर देंगे।
Jio Intelligence का रोल क्या है?
रिलायंस का नया AI मिशन 'Jio Intelligence' पर बेस्ड होगा। इसका फोकस मजबूत और भरोसेमंद AI इंफ्रास्ट्रक्चर, भारत में सॉवरेन कंप्यूटिंग फ्रेमवर्क, स्टार्टअप्स, IITs और रिसर्च संस्थानों के साथ पार्टनरशिप रहेगा। मकसद AI सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित रखने की बजाय हर भारतीय तक पहुंचाना है।
मुकेश अंबानी के ऐलान से देश को क्या फायदा होगा?
मुकेश अंबानी ने यह भी कहा कि AI में आगे बढ़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है। भारत अकेले नहीं, बल्कि ग्लोबल पार्टनरशिप के साथ आगे बढ़ेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस AI निवेश से कंपनी की मार्केट वैल्यू में अरबों डॉलर की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन असली असर नई नौकरियां, स्टार्टअप ग्रोथ, मैन्युफैक्चरिंग और हेल्थ सेक्टर में तेजी और डिजिटल इंडिया को नई रफ्तार पर पड़ेगा। भारत के पास बड़ा टैलेंट पूल और तेजी से बढ़ता डिजिटल नेटवर्क है, जो AI ग्रोथ के लिए मजबूत आधार बन सकता है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

