सार

बजट 2025 में नई टैक्स व्यवस्था के तहत 12 लाख तक की कमाई टैक्स-फ्री! मध्यम वर्ग को बड़ी राहत, खर्च बढ़ेगा, अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती। जानें नए स्लैब और ज़ीरो टैक्स का पूरा गणित।

Union Budget 2025 new income tax regime: केंद्र सरकार ने आर्थिक गति बढ़ाने के लिए कंज्यूमर खर्च को बढ़ाने के लिए टैक्सपेयर्स को राहत देने का ऐलान करते हुए इनकम टैक्स रेट्स में कटौती की है। इस वित्तीय वर्ष के लिए पेश बजट में निर्मला सीतारमण ने नई टैक्स व्यवस्था के तहत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। नए टैक्स स्लैब से मध्यमवर्ग को राहत तो मिलेगा ही इससे खर्च करने की क्षमता बढ़ेगी जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है। नई टैक्स व्यवस्था अब डिफ़ॉल्ट होगी लेकिन टैक्सपेयर्स को पुरानी व्यवस्था चुनने का भी विकल्प मिलेगा।

टैक्स स्लैब में किए गए बदलाव के बाद आम आदमी के मन में तमाम तरह के सवाल उठते हैं। सरकार ने इस बदलाव को लेकर पूछे जाने वाले प्रमुख सवालों (FAQs) के जवाब भी जारी किए हैं। आइए जानते हैं नई व्यवस्था से जुड़े अहम बिंदु:

1.नई कर व्यवस्था क्या है?

नई कर प्रणाली में कर की दरों और स्लैब को लचीला बनाया गया है लेकिन इसमें कोई कटौती या छूट (जैसे धारा 80JJAA, 80M, स्टैंडर्ड डिडक्शन) को छोड़कर अन्य लाभ नहीं मिलेंगे।

2.पहले की नई कर व्यवस्था में क्या स्लैब थे?

₹3 लाख तक – कोई कर नहीं

₹3-7 लाख – 5%

₹7-10 लाख – 10%

₹10-12 लाख – 15%

₹12-15 लाख – 20%

₹15 लाख से अधिक – 30%

3. वित्त विधेयक 2025 में नई कर स्लैब क्या हैं?

₹4 लाख तक – 0%

₹4-8 लाख – 5%

₹8-12 लाख – 10%

₹12-16 लाख – 15%

₹16-20 लाख – 20%

₹20-24 लाख – 25%

₹24 लाख से अधिक – 30%

4.किस आय स्तर तक कोई कर देयता नहीं होगी?

नई कर व्यवस्था में ₹12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा, बशर्ते करदाता आयकर रिटर्न (ITR) फाइल करें।

5.शून्य कर देयता का लाभ लेने के लिए क्या करना होगा?

यह लाभ केवल नई कर व्यवस्था में मिलेगा जो कि डिफ़ॉल्ट व्यवस्था होगी। कर-मुक्त आय का लाभ उठाने के लिए केवल आयकर रिटर्न (ITR) फाइल करना आवश्यक होगा, कोई अन्य प्रक्रिया नहीं।

6.कितना लाभ होगा 12 लाख रुपये की आय वालों को?

पहले 12 लाख रुपये की वार्षिक आय पर ₹80,000 कर चुकाना पड़ता था लेकिन नई कर व्यवस्था में अब कोई कर नहीं देना होगा।

7.क्या इस बजट में कर-मुक्त आय की सीमा बढ़ाई गई है?

हां, नई कर व्यवस्था में कर-मुक्त आय सीमा ₹12 लाख कर दी गई है, जिससे मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।

8.क्या वेतनभोगियों को स्टैंडर्ड डिडक्शन का लाभ मिलेगा?

नई कर व्यवस्था में ₹75,000 का स्टैंडर्ड डिडक्शन उपलब्ध होगा। यानी जिनकी आय ₹12.75 लाख तक होगी, वेतन कटौती के बाद उन्हें कर देने की जरूरत नहीं होगी।

9.क्या पुरानी कर व्यवस्था में स्टैंडर्ड डिडक्शन मिलता है?

पुरानी कर व्यवस्था में ₹50,000 का स्टैंडर्ड डिडक्शन उपलब्ध है।

10.इस बदलाव से कितने करदाताओं को लाभ होगा?

वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अब तक 8.75 करोड़ करदाताओं ने अपना आयकर रिटर्न (ITR) फाइल किया है। इनमें से जो लोग नई कर व्यवस्था को अपनाएंगे, उन्हें कर दरों में कटौती का सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें:

India Budget 2025: खेती से परमाणु ऊर्जा तक, जानें बजट की 20 बड़ी घोषणाएं