सार
Silver Prices: सोना की कीमत एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गई है। इस बीच जानकारों का अनुमान है कि चांदी की कीमतें भी रॉकेट जैसी रफ्तार से चढ़ने वाली हैं। रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने कहा है कि इस साल चांदी की कीमतें दोगुनी हो जाएंगी।
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि चांदी की मांग मजबूत है, लेकिन सप्लाई सीमित। इसके चलते यह धातु आज का सबसे लोकप्रिय निवेश बन गया है। कियोसाकी ने बताया कि चांदी की कीमत इस समय 34 डॉलर (2,924.44 रुपए) प्रति औंस (28.3495231 ग्राम) है। यह अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से 60% नीचे है।
कियोसाकी ने X पर लिखा, "मेरा अनुमान है कि इस साल चांदी की कीमत दोगुनी होकर कम से कम 70 डॉलर प्रति औंस हो जाएगी।" उन्होंने आगे कहा कि मैंने हाल ही में रिपब्लिक मॉनेटरी एक्सचेंज से और चांदी खरीदी है।
भारत में क्या है चांदी की कीमत?-
भारत में सोमवार को चांदी की कीमत 99 रुपए प्रति ग्राम है। रविवार को यह 100 रुपए प्रति ग्राम थी। प्रति किलोग्राम बात करें तो चांदी 99,900 रुपए में एक किलो है। रविवार को एक किलो चांदी की कीमत 1 लाख रुपए थी।