सार

रेल बजट 2025 में बुलेट ट्रेन के लिए 7000 किमी का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क बनाने का ऐलान। मुंबई-अहमदाबाद के अलावा 7 नए रूट्स पर दौड़ेगी 250 किमी/घंटा की रफ़्तार से ट्रेन।

Railway Budget 2025: बजट 2025-26 में भारतीय रेलवे (Indian Railways) को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की गईं हैं। रेल मंत्रालय ने 2047 तक बुलेट ट्रेन (Bullet train) के लिए 7000 किलोमीटर हाई-स्पीड रेल (एचएसआर) नेटवर्क चालू करने का लक्ष्य रखा है।

रेल बजट 2025

रेलवे को केंद्रीय बजट 2025-26 से 2,65,200 करोड़ रुपए मिले हैं। रेलवे का मुख्य फोकस सुरक्षा, क्षमता वृद्धि, ग्राहक सुविधाएं और रोलिंग स्टॉक एडवांस करने पर है। इस समय नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) 508km लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) कॉरिडोर बना रहा है। यह भारत का पहला बुलेट ट्रेन कॉरिडोर है। रेल मंत्रालय ने 2026 के अंत तक 50 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता वाले कॉरिडोर को चालू करने का लक्ष्य रखा है।

बुलेट ट्रेन के लिए बनेंगे 7 नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर

मुंबई अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के अलावा, रेल मंत्रालय ने NHSRCL को सात नए हाई स्पीड रेल (HSR) कॉरिडोर तैयार करने के लिए कहा है। ये हैं...

  1. दिल्ली-नोएडा-आगरा-कानपुर-लखनऊ-वाराणसी
  2. दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-अहमदाबाद
  3. मुंबई-नासिक-नागपुर
  4. मुंबई-पुणे-हैदराबाद
  5. चेन्नई-बैंगलोर-मैसूर
  6. दिल्ली-चंडीगढ़-लुधियाना-जालंधर-अमृतसर
  7. वाराणसी-पटना-हावड़ा

250km/h की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

स्वदेशी रूप से विकसित बुलेट ट्रेन 7000 किलोमीटर लंबे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलेगी। इसकी गति 250 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। पिछले साल रेल मंत्रालय ने 280km/h की अधिकतम गति से चलने वाली दो हाई-स्पीड ट्रेनों के निर्माण के लिए BEML को टेंडर दिया था।

यह भी पढ़ें- बजट 2025: पड़ोसी देशों के लिए खोला खजाना, किसने जीता दिल, किसको मिला झटका?

4-5 साल में पूरी होगी 4.6 लाख करोड़ रुपए की नई परियोजनाएं

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 17,500 सामान्य कोच, 200 वंदे भारत और 100 अमृत भारत ट्रेनों सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 4.6 लाख करोड़ रुपए की नई परियोजनाएं चार से पांच साल के भीतर पूरी हो जाएंगी। इसमें नई लाइनें, दोहरीकरण, चौगुनीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और बुनियादी ढांचे में सुधार शामिल हैं।

2-3 साल में शामिल होंगी 100 अमृत भारत ट्रेनें

रेल मंत्री ने बताया कि अगले दो से तीन साल में 100 अमृत भारत, 50 नमो भारत और 200 वंदे भारत ट्रेनें शामिल होंगी। 17,500 सामान्य कोचों में से 1,400 31 मार्च तक तैयार हो जाएंगे। 2025-26 में 2,000 कोच बनाने का लक्ष्य है। 1,000 नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।