सार

Forex Reserve Update: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार 8वें हफ्ते बढ़कर 688.13 अरब डॉलर हो गया है। यह पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुकाबले कई गुना ज्यादा है और जल्द ही 7 महीने पुराना रिकॉर्ड भी टूट सकता है।

India Forex Reserve Latest Data: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 8वें हफ्ते तेजी जारी है। शुक्रवार को RBI द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 25 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में फॉरेक्स रिजर्व 1.98 अरब डॉलर बढ़कर 688.13 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। वैसे, क्या आप जानते हैं पाकिस्तान और बांग्लादेश की तुलना में भारत का विदेशी मु्द्रा भंडार कितने गुना ज्यादा है?

टूट सकता है 7 महीने पुराना रिकार्ड

25 अप्रैल को समाप्त हफ्ते में फॉरेक्स रिजर्व का स्वर्ण भंडार 207 मिलियन डॉलर घटकर 84.37 अरब डॉलर हो गया, जबकि विशेष आहरण अधिकार (SDR) 21 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.59 अरब डॉलर पर पहुंच गया। एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारतीय रुपए में मजबूती के चलते विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़त देखी जा रही है। रुपए की मजबूती से भारत को डॉलर बेचने की जरुरत नहीं पड़ रही है। माना जा रहा है कि भारत 7 महीने पुराने विदेशी मुद्रा भंडार के रिकॉर्ड को भी जल्द तोड़ सकता है।

सितंबर 2024 में Forex Reserve ने बनाया था रिकॉर्ड

भारत का फॉरेक्स रिजर्व सितंबर, 2024 में 704.89 अरब डॉलर के ऑलटाइम हाई पर था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में जो रकम है, उससे बड़े आराम से एक साल के आयात को पूरा किया जा सकता है। बता दें कि विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा देश है।

पाकिस्तान-बांग्लादेश से कितने गुना ज्यादा

भारत के पास पड़ोसी पाकिस्तान और बांग्लादेश से कई गुना ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार मौजूद है। बांग्लादेश के पास कुल फॉरेक्स रिजर्व 27.41 अरब डॉलर, जबकि पाकिस्तान के पास 15.96 अरब डॉलर है। यानी भारत के पास बांग्लादेश से 25 गुना ज्यादा और पाकिस्तान से 43 गुना अधिक फॉरेक्स रिजर्व मौजूद है।

5 देश जिनके पास सबसे ज्यादा Forex Reserve

दुनिया में सबसे ज्यादा विदेशी मुद्रा भंडार वाले देशों में चीन टॉप पर है। चीन का विदेशी मुद्रा भंडार 3571 अरब डॉलर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर जापान है, जिसका फॉरेक्स रिजर्व 1238 अरब डॉलर है। तीसरे नंबर पर स्विट्जरलैंड का नाम है, जिसके पास 952 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है। वहीं चौथे नंबर पर 688.13 अरब डॉलर के साथ भारत का नाम है। 620 अरब डॉलर के साथ रूस पांचवे नंबर पर है।