- Home
- Business
- Money News
- Gold-Silver: औंधे मुंह गिरे सोने-चांदी के भाव, जानें हाइएस्ट लेवल से कितना सस्ता हुआ गोल्ड
Gold-Silver: औंधे मुंह गिरे सोने-चांदी के भाव, जानें हाइएस्ट लेवल से कितना सस्ता हुआ गोल्ड
Gold-Silver Price Today: दिवाली से पहले रॉकेट की रफ्तार से भाग रहे सोने-चांदी के भाव औंधे मुंह गिरे हैं। IBJA के मुताबिक, 22 अक्टूबर को सोना 1,23,907 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। एक ही दिन में सोना 3700 रुपए से ज्यादा टूटा है।

ऑलटाइम हाई से कितना सस्ता हुआ सोना?
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोने का ऑलटाइम हाई दिवाली से एक दिन पहले यानी 17 अक्टूबर को बना था। तब 24 कैरेट वाला शुद्ध सोना 1,29,584 रुपए पहुंच गया था। वहीं, अब ये 1,23,907 रुपए है। यानी अपने हाइएस्ट लेवल से गोल्ड 5677 रुपए सस्ता हो चुका है।
2025 में कितना महंगा हुआ गोल्ड?
2025 की बात करें तो अब तक सोना 47,745 रुपए महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2024 को सोने की कीमत 76,162 रुपए का थी, जो अब बढ़कर 1,23,907 रुपए पहुंच गई है।
2024 में कितनी बढ़ी थी सोने की कीमत
2024 की बात करें तो 1 जनवरी को 24 कैरेट वाला शुद्ध सोना 63,352 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 31 दिसंबर 2024 तक 76,162 रुपए पहुंच गया। यानी पिछले साल गोल्ड 12,810 रुपए महंगा हुआ।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने का भाव
देश के बड़े शहरों में सोने की बात करें तो 22 अक्टूबर को 24 कैरेट गोल्ड दिल्ली में 1,26,040 रुपए, कोलकाता और बेंगलुरू में 1,25,890 रुपए, अहमदाबाद में 1,25,940 रुपए, लखनऊ में 1,26,040 रुपए प्रति 10 ग्राम है।
रिकॉर्ड हाई से 25000 रुपए टूटी चांदी
चांदी की कीमतें भी औंधे मुंह गिरी हैं। 14 अक्टूबर को चांदी 1,78,100 रुपए के ऑल टाइम हाई पर थी, वहीं 22 अक्टूबर 2025 को इसके दाम 1,52,501 रुपए प्रति किलो रह गए। यानी सिल्वर अपने हाई से 25,599 रुपए सस्ती हो चुकी है।
एक ही दिन में साढ़े 10 हजार रुपए सस्ती हुई चांदी
21 अक्टूबर को चांदी के भाव 1,63,050 रुपए प्रति किलो पर थे, लेकिन 22 अक्टूबर को ये 1,52,501 रुपए रह गई। यानी एक ही दिन में चांदी 10,549 रुपए सस्ती हुई है।
सोना-चांदी की कीमतों में क्यों आई गिरावट?
ग्लोबल लेवल पर देखें तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी प्रेसिडेंट शी जिनपिंग की अगले हफ्ते मुलाकात होनी है। दो बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष की बैठक के चलते ट्रेड वॉर की आशंका कम हुई है, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों में पड़ा है।
सोने-चांदी के सस्ते होने के पीछे ये वजह भी
इसके अलावा सोने-चांदी की कीमतें काफी ज्यादा बढ़ चुकी थीं, जिसके बाद निवेशकों ने इसमें प्रॉफिट बुकिंग शुरू कर दी। साथ ही भारत में धनतेरस, दिवाली जैसे त्योहार बीतने के बाद फेस्टिव बाइंग भी घटी है, जिससे दोनों धातुओं की डिमांड में कमी आई है।