भारतीय कंपनी Beast Life ने दुनिया का पहला प्रोटीन कंडोम बनाने का दावा किया है। इसमें ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने वाला अमीनो एसिड 'एलर्जेनिन' है। सोशल मीडिया पर इसे ट्रोल किया जा रहा है और अप्रैल फूल प्रैंक भी माना जा रहा है।
नई दिल्ली: भारत की एक कंपनी ने कंडोम मार्केट में हलचल मचा दी है। Beast Life नाम की इस कंपनी ने दुनिया का पहला प्रोटीन कंडोम बनाने का दावा किया है। कंपनी ने इंस्टाग्राम पर एक मजेदार टैगलाइन के साथ यह ऐलान किया, "हम आपकी रात के खेल को अपग्रेड करने आ रहे हैं।" यह पोस्ट सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है और लोग इस पर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि बीस्टलाइफ ने इस कंडोम के बारे में क्या कहा है और इसे प्रोटीन कंडोम क्यों कहा जा रहा है।
बीस्टलाइफ ने दी सिर्फ एक जानकारी
वायरल हो रहे विज्ञापन में कंपनी ने सिर्फ एक जानकारी शेयर की है। इसमें 'एलर्जेनिन' (Allergenin) होने की बात कही गई है, जो शरीर में घुसते ही ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने का काम करता है। इससे खून की नसों का स्वास्थ्य भी सुधरता है। आपको बता दें कि एलर्जेनिन एक तरह का अमीनो एसिड (L-Arginine) है, जिसका इस्तेमाल अक्सर प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट्स में किया जाता है।
प्रोटीन कंडोम का नाम सुनते ही सोशल मीडिया पर लोग इसे ट्रोल करने लगे हैं। बीस्टलाइफ के पोस्ट पर कमेंट करते हुए यूजर्स पूछ रहे हैं, "यह आइसोलेट है या नॉर्मल?" एक ने लिखा, "पहली बार प्रोटीन कंडोम का नाम सुन रहे हैं। इसे इस्तेमाल कैसे करना है?" वहीं कुछ लोग पूछ रहे हैं कि "यह किन समस्याओं को दूर करेगा? और यह प्रोडक्ट किसके लिए है?"
इन सब कमेंट्स के बीच कुछ लोगों ने शक जताया है कि यह अप्रैल फूल बनाने की कोई तरकीब हो सकती है। एक यूजर ने लिखा, “आप हमें बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं? हम आपकी बातों पर यकीन करने वाले मूर्ख नहीं हैं। ठीक से सोचकर अप्रैल फूल बनाइए। सिर्फ लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए झूठी अफवाहें न फैलाएं।”
लोगों के सवालों और शक के बावजूद, बीस्टलाइफ ने अब तक कोई सफाई नहीं दी है। कंपनी ने न तो इस प्रोडक्ट की सच्चाई को स्वीकार किया है और न ही इससे इनकार किया है। बीस्टलाइफ की यह चुप्पी लोगों की दिलचस्पी और अटकलों को और बढ़ा रही है। कंपनी ने बताया है कि तीन कंडोम के पैक की कीमत 169 रुपये है और इसे खरीदने के लिए एक लिंक भी शेयर किया है।
कंडोम मार्केट में अक्सर अजीबोगरीब विज्ञापन वायरल होते रहते हैं। कुछ कंपनियां मौजूदा हालात का फायदा उठाकर क्रिएटिव पोस्ट करती हैं। 2024 में जर्मनी की कंपनी Billy Boy ने 'कैमडॉम' (Camdom) नाम का एक डिजिटल डिवाइस पेश किया था। इस प्रोडक्ट ने भी बाजार में काफी हलचल मचाई थी। कंपनी ने दावा किया था कि यह बिना इजाजत रिकॉर्डिंग को रोकेगा।
