केंद्र सरकार मार्च तक नया EPFO ऐप लॉन्च कर सकती है। यह PF खाताधारकों को UPI के जरिए 75% तक फंड निकालने की सुविधा देगा। यह ऐप सीधे यूज़र के बैंक खाते और अन्य UPI ऐप्स से जुड़ेगा।
नई दिल्ली: केंद्र सरकार मार्च के आखिर तक कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) का एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च कर सकती है। इस मामले से जुड़े दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप PF खाताधारकों को UPI के जरिए पैसा निकालने की सुविधा देगा। UMANG ऐप से अलग, यह नया EPFO ऐप सीधे यूज़र्स के बैंक खाते से लिंक होगा और यह BHIM ऐप और दूसरे UPI ऐप्स से भी जुड़ेगा।
एक अधिकारी ने बताया, 'इससे EPFO खाताधारक अपने फंड का पैसा सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। वे यह निकासी UPI के जरिए कर सकते हैं।' फिलहाल, EPFO से पैसा निकालना सिर्फ UAN पोर्टल के जरिए ही मुमकिन है। UPI या किसी दूसरे तरीके से पैसे निकालने की कोई सुविधा नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, यह ऐप मार्च के आखिर तक लॉन्च हो सकता है। इसकी टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। बताया गया है, 'इस ऐप के आने के बाद, PF खाताधारक अपने फंड का 75% तक पैसा सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।' फिलहाल, EPFO के कुल 30 करोड़ सदस्य हैं।
26 लाख करोड़ रुपये का फंड है EPFO के पास
नियमों के मुताबिक, EPF बैलेंस का कम से कम 25 प्रतिशत सदस्य के खाते में रहना जरूरी है। यानी, सदस्य अब अपने EPF फंड का सिर्फ 75 प्रतिशत ही निकाल सकते हैं, जबकि न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना होगा। नौकरी छूटने पर, बाकी 25 प्रतिशत 12 महीने बाद ही निकाला जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि EPFO का कुल फंड करीब 26 लाख करोड़ रुपये है और सक्रिय सदस्यों की संख्या लगभग 7.5 करोड़ है।
