बिटकॉइन की कीमत में 40% की भारी गिरावट आई है। वैश्विक कारणों और ETF से निकासी के चलते इसके $65,000 तक गिरने की 82% संभावना है। इसके बावजूद, कुछ विशेषज्ञ इस साल कीमत $1.5 लाख तक पहुंचने का अनुमान लगा रहे हैं।
Bitcoin Price Drop Predicted: डिजिटल करेंसी की दुनिया के बादशाह बिटकॉइन के लिए मुश्किल दौर जारी है। रिकॉर्ड तेजी के बाद, बिटकॉइन की कीमत में भारी गिरावट आई है और अब अनुमान है कि आने वाले महीनों में इसकी कीमत 65,000 डॉलर तक गिर सकती है। अक्टूबर के अपने उच्चतम स्तर 1,26,000 डॉलर से बिटकॉइन की वैल्यू में लगभग 40% की गिरावट आई है। फिलहाल यह 73,200 डॉलर के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।
बिटकॉइन की कीमतों में गिरावट की वजह क्या है?
ग्लोबल इकोनॉमी में कुछ बदलावों की वजह से क्रिप्टो मार्केट कमजोर हो रहा है। इसके मुख्य कारण ये हैं…
ब्याज दरों में बदलाव: जापान का सेंट्रल बैंक ब्याज दरें बढ़ाने की तैयारी कर रहा है, जिससे निवेशक चिंतित हैं।
आईटी सेक्टर में झटका: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में बहुत ज़्यादा निवेश को लेकर डर का माहौल है, जिससे मार्केट में निवेश कम हो गया है।
निवेश की निकासी: क्रिप्टो एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) से बड़ी मात्रा में पैसा निकाला जा रहा है, जो एक बड़ा झटका है। पिछले तीन महीनों में ही अमेरिकी ETFs से 400 करोड़ डॉलर निकाले गए हैं।
क्या बिटकॉइन की कीमत 65,000 डॉलर तक गिरेगी?
क्रिप्टो ट्रेडर्स के बीच काफी पॉपुलर प्लेटफॉर्म 'पॉलीमार्केट' के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल बिटकॉइन के 65,000 डॉलर तक गिरने की 82% संभावना है। यह भी अनुमान है कि साल के अंत तक कीमत 55,000 डॉलर से नीचे जाने की 60% संभावना है। साल की शुरुआत में जहां 80% लोग मानते थे कि बिटकॉइन एक लाख डॉलर को पार कर जाएगा, वहीं अब यह आंकड़ा घटकर 54% रह गया है।
बाजार में बड़ी गिरावट: अक्टूबर में लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर (चार लाख करोड़ डॉलर) की वैल्यू वाला ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट अब सिकुड़कर 2.5 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है। इस गिरावट में सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को हुआ है जिन्होंने उधार लेकर निवेश किया था। अक्टूबर की गिरावट 2022 की बड़ी गिरावट से भी ज्यादा भयानक साबित हुई है। कई निवेशक भारी नुकसान उठाकर बाजार से बाहर निकल रहे हैं।
वॉल स्ट्रीट ने उम्मीद नहीं छोड़ी
बाजार में इतनी कमजोरी के बावजूद, अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट के कुछ बड़े खिलाड़ी अब भी पॉजिटिव हैं। स्टैंडर्ड चार्टर्ड और बर्नस्टीन जैसी फर्में अभी भी भविष्यवाणी कर रही हैं कि बिटकॉइन इस साल डेढ़ लाख डॉलर तक पहुंच जाएगा।
