नई जेनरेशन वाली ह्यून्दे वेन्यू की 1 लाख बुकिंग पूरी होने पर कंपनी ने नया HX8 डीज़ल ऑटोमैटिक (AT) वैरिएंट लॉन्च किया है। इसकी कीमत ₹13.69 लाख है और इसमें सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स जैसे कई शानदार फीचर्स मिलते हैं।
Hyundai Venue HX8 AT features: नई जेनरेशन वाली ह्यून्दे वेन्यू ने लॉन्च के 4 महीने के अंदर ही 1 लाख बुकिंग का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है। इस कामयाबी का जश्न मनाने के लिए, कंपनी ने एक नया HX8 डीज़ल ऑटोमैटिक (AT) वैरिएंट पेश किया है। इस वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹13.69 लाख रखी गई है। इसमें 116bhp पावर वाला 1.5L CRDi डीज़ल इंजन दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह इंजन 17.90 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देता है। इससे पहले, HX8 ट्रिम सिर्फ टर्बो पेट्रोल MT और DCT गियरबॉक्स ऑप्शन में ही मिलता था।
फिलहाल, 2026 ह्यून्दे वेन्यू SUV लाइनअप की एक्स-शोरूम कीमत ₹8 लाख से शुरू होकर ₹15.69 लाख तक जाती है। यह कार आठ रंगों में उपलब्ध है: अबीस ब्लैक, टाइटन ग्रे, एटलस व्हाइट (अबीस ब्लैक रूफ के साथ), ड्रैगन रेड, हेज़ल ब्लू (अबीस ब्लैक रूफ के साथ), हेज़ल ब्लू और मिस्टिक सफायर।
सनरूफ, ऑटो AC जैसे कई फीचर्स से लैस
इस नए वैरिएंट में आराम, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी के कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, डुअल-टोन लेदर सीट्स और ड्राइवर सीट को इलेक्ट्रिकली एडजस्ट करने का ऑप्शन दिया है। इसके अलावा, कार में ह्यून्दे की ब्लूलिंक कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी शामिल है।
कार में ऑटो होल्ड फंक्शन के साथ इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक, पिछले पहियों में डिस्क ब्रेक, कई ड्राइविंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल मोड्स और पैडल शिफ्टर्स भी मिलते हैं। एंबिएंट लाइट्स, सनरूफ, ऑटोमैटिक एसी और 16 इंच के अलॉय व्हील्स भी इसका हिस्सा हैं। हालांकि, टॉप वैरिएंट के मुकाबले इसमें कुछ फीचर्स कम हैं। इसमें 10.25 इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन और 4.2 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।


