सार

Ganesh Chaturthi 2022: भगवान श्रीगणेश को धर्म ग्रंथों में प्रथम पूज्य कहा गया है यानी हर शुभ काम से पहले इनकी पूजा की जाती है। इनकी पूजा में बहुत अधिक चीजों का आवश्यकता नहीं होती। छोटी-छोटी चीजें चढ़ाने से ही श्रीगणेश प्रसन्न हो जाते हैं।
 

उज्जैन. हिंदू धर्म में भगवान श्रीगणेश को प्रसन्न करने के कई व्रत और पर्वों के बारे में बताया गया है। लेकिन इन सभी में भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाने वाला गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2022) पर्व सबसे विशेष है क्योंकि धर्म ग्रंथों के अनुसार, इसी तिथि पर गणेशजी का जन्म हुआ था। इस बार ये तिथि 31 अगस्त को है। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीगणेश की पूजा अगर विधि-विधान से की जाए तो हर संकट दूर हो सकता है। इस पूजा में बहुत सी छोटी-छोटी चीजों की आवश्यकता होती है। आगे जानिए गणेश पूजा में उपयोग की जाने वाली पूजन सामग्री के बारे में…


1. चंदन, मेहंदी, अबीर, गुलाल, हल्दी, कुंकुम: ये सभी चीजें गणेशजी की पूजा में आवश्यक रूप से चढ़ाई जाती हैं। हल्दी श्रीगणेश को विशेष रूप से प्रिय है। 

2. चावल: हर शुभ काम व पूजा में चावल का उपयोग जरूर किया जाता है। चावल को शुक्र ग्रह का अन्न माना जाता है। इससे हर काम की शुभता बढ़ती है। 

3. वस्त्र: वैसे तो भगवान श्रीगणेश को किसी भी रंग का वस्त्र अर्पित किया जा सकता है, लेकिन सफेद वस्त्र हो तो अति उत्तम रहता है। 

4. मौली: अगर वस्त्र न हो तो मौली (पूजा में उपयोग किया जाने वाला रंगीन धागा) चढ़ाने से भी श्रीगणेश प्रसन्न हो जाते हैं। 

5. जनेऊ: श्रीगणेश की पूजा में जनेऊ विशेष रूप से चढ़ाया जाता है। श्रीगणेश की हर प्रतिमा व चित्र में वे जनेऊ पहने ही दिखाई देते हैं। 

6. सूखे मेवे: भगवान श्रीगणेश को काजू, बादाम, खारक, नारियल का गोला आदि चीजें भी विशेष रूप से चढ़ाई जाती हैं। 

7. हार-फूल: सभी देवी-देवताओं की तरह श्रीगणेश की पूजा में भी हार-फूल का उपयोग जरूर किया जाता है। इससे गणेशजी प्रसन्न होते हैं।

8. दूर्वा: ये भगवान श्रीगणेश को सबसे अधिक प्रिय है। इसके बिना तो गणेशजी की पूजा ही अधूरी मानी जाती है। 
 
9. ऋतुफल: मौसम के अनुरूप जो फल मिल सके, वे भगवान श्रीगणेश की पूजा में जरूर चढ़ाने चाहिए। 

10. सुगंधित द्रव्य: इसका अर्थ है इत्र। भगवान श्रीगणेश की पूजा में इत्र का उपयोग भी विशेष रूप से किया जाता है।

11. मोदक या लड्डू: भगवान श्रीगणेश को मोदक या लड्डू का भोग लगाने की परंपरा है। मान्यता है कि ये दोनों ही गणेशजी का प्रिय भोग है।


ये भी पढ़ें-

Ganesh Chaturthi 2022: 5 राजयोग में होगी गणेश स्थापना, 300 साल में नहीं बना ग्रहों का ऐसा दुर्लभ संयोग

Ganesh Chaturthi 2022: घर में स्थापित करें गणेश प्रतिमा तो ध्यान रखें ये 5 बातें, मिलेंगे शुभ फल

Ganesh Chaturthi 2022: इसके बिना अधूरी मानी जाती है श्रीगणेश की पूजा, जानिए क्या है ये खास चीज?